तनवीर
हरिद्वार, 7 मार्च। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने एक वाहन चोर को चोरी के छोटा हाथी और बाइक समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। राशिद पुत्र हमीद निवासी मोहल्ला पावधोई बाबर कॉलोनी ने पुलिस को तहरीर देकर घर के बाहर से छोटा हाथी चोरी कर ले जाने और श्रीकान्त सैनी पुत्र राजपाल सैनी निवासी ग्राम मिस्सरपुर थाना पथरी ने हरिलोक तिराहे से उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था।
मुकद्मा दर्ज करने के बाद कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बाजार चौकी प्रभारी एसआई देवेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी हुआ छोटा हाथी रानीपुर झाल के पास नहर पटरी पर पेड़ टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कुछ ही देर में चोरी को अंजाम देने वाले उसे लेकर जाने वाले हैं।
सूचना पर एसआई देवेंद्र सिंह तोमर सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तो पुलिस के देखकर मोटरसाइकिल पर बैठे दो लोगों में से एक झाड़ियों से होकर फरार हो गया। दूसरे को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम फरमान पुत्र निसार निवासी मोहल्ला कैथवाड़ा ज्वालापुर बताया। पुलिस ने उसे चोरी की बाइक व छोटा हाथी समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन मुकद्मे दर्ज हैं। पुलिस टीम में कांस्टेबल हिमेशचंद्र व दिनेश कुमार शामिल रहे।


