तनवीर
हरिद्वार, 17 जनवरी। जम्मू कश्मीर स्थित छात्रावास से भागकर हरिद्वार आए दो छात्रों को पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने रेस्क्यू कर परिजनों से मिलवा दिया। पढ़ाई से तंग दोनों छात्र रेल में सवार होकर हरिद्वार पहुंच गए थे। एएचटीयू को दोनों बालक हरकी पैड़ी पर सर्दी से ठिठुरते मिले थे। टीम के पूछताछ करने पर 11 व 8 वर्षीय दोनों बालकों ने बताया कि वह जम्मू कश्मीर के रहने वाले हैं तथा 15 जनवरी की शाम जम्मू स्थित वेद मंदिर हॉस्टल से भाग कर ट्रेन में सवार होकर हरिद्वार पहुंचे थे।
टीम ने दोनों बालकों का चिकित्सा परीक्षण कराने के बाद बाल कल्याण समिति में काउंसलिंग करायी और खुला आश्रय गृह कनखल में दोनों को संरक्षण दिलवाया। बालकों से मिली जानकारी के आधार एएचटीयू टीम ने जम्मू कश्मीर पुलिस के माध्यम से बालकों के परिजनों से संपर्क किया। संपर्क होने पर परिजन शनिवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद हरिद्वार पहुंचे।
जहां एसपी क्राईम व ट्रैफिक जितेन्द्र मेहरा एवं एसपी तथा क्षेत्राधिकारी सदर निशा यादव ने दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। एएचटीयू टीम में प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार, मुख्य आरक्षी बीना गोदियाल, आरक्षी दीपकचंद, महिला आरक्षी शशि बाला, महिला आरक्षी गीता देवी शामिल रहे।


