तनवीर
हरिद्वार:-शहर के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों के घुसने का सिलसिला शुरू हो गया है। आज सुबह जंगली हाथी का बच्चा झुंड से बिछड़कर लालढांग क्षेत्र के कटेबड़ गांव में घुस आया। घने कोहरे के बीच हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान हाथी के बच्चे ने खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को भी खाया। सूचना मिलते ही वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल में खदेड़ा गया।
लालढांग क्षेत्र हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के जंगलों से सटा हुआ है। अक्सर यहां गुलदार और जंगली हाथी आबादी में घुस आते हैं। इसके अलावा हरिद्वार नजीबाबाद हाईवे पर भी हाथियों के आने से ट्रैफिक तक जाम हो जाता है। शनिवार सुबह एक जंगली हाथी का बच्चा अपने झुंड से बिछड़ गया। नन्हा हाथी जंगल से निकला और गन्ने की फसल खाने की तलाश में कटेबड़ गांव तक पहुंच गया।
सुबह सवेरे गांव में हाथी के बच्चे को देखकर लोग दहशत में आ गए। इतना ही नहीं मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने शोर मचाकर हाथी के बच्चे को जंगल में खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक हाथी का बच्चा गांव के आसपास दौड़ लगाता रहा। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल में खदेड़ा गया। सोशल मीडिया पर यह विडियो तेजी से वायरल हो रहा है।


