श
गंगा स्वच्छता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी-किरण जैसल
हरिद्वार, 26 अक्टूबर। इनर व्हील क्लब की और से गोविंद घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में इनर व्हील क्लब की पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ मेयर किरण जैसल भी शामिल हुई। क्लब से जुड़ी महिलाओं ने घाट और गंगा में फैले कूड़े, कचरे और पुराने कपड़े साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने कहा कि गंगा स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गंगा की निर्मलता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता तभी सार्थक होगी, जब लोग स्वयं अपनी जिम्मेदारी समझेंगे और नदियों तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने से बचेंगे। मेयर ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि कपड़े, कूड़ा, प्लास्टिक, पोलोथींन गंगा में बिल्कुल न डालें। दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इनर व्हील क्लब की जोनल क्लब कोऑर्डिनेटर रुचिता सक्सेना ने कहा कि गंगा की स्वच्छता के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
सामाजिक संस्थाओं का दायित्व है कि वे समाज के बीच जाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। क्लब की प्रेसिडेंट मंजू वत्स ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक आदत और जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्लब की सदस्य सामाजिक कार्यों और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता करती हैं। सफाई अभियान में क्लब की उपाध्यक्ष प्रियंका पांडेय, कोषाध्यक्ष मोनिका मोदी, एडिटर डा. विनीता कुमार, अनु जैन, पुष्पा आर्य, चारू बहल, शैली मांधाता सहित कई महिलाएं शामिल रही।




