तनवीर
हरिद्वार, 26 अक्तूबर। जनसंघर्ष मोर्चा ने संगठन का विस्तार करते हुए पदाधिकारी मनोनीत किए हैं। गीता मंदिर कनखल में आयोजित मोर्चा की बैठक में गुलशन खत्री ने रमेश वर्मा को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष, रणवीर शर्मा को जिला उपाध्यक्ष, बिजेंद्र शीर्षवाल को जिला महामंत्री, डा.आरके वर्मा को जिला मीडिया प्रभारी नवनीत शर्मा को युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, नितिन कश्यप को युवा मोर्चा जिला महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष गुलशन खत्री ने कुंभ निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि गंगा घाटों के निर्माण में भ्रष्टाचार और जनता के धन का दुरूपयोग कर सरकार के मंसूबों को पलीता लगाया जा रहा है। प्रवक्ता राजेश बादल ने विभागों में फैल रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी से जांच कर कार्यवाही करने की मांग की। नवनीत शर्मा ने शहर भर में घूम रही आवारा गायों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सनातनी देश में सनातनी सरकार के होते हुए गाय की दुर्दशा दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को इसका संज्ञान लेना चाहिए। बैठक में एसएन शर्मा, राजेश बादल, अनिल ठाकुर, संजीव शर्मा, नितिन पोखरियाल संजय त्यागी आदि मौजूद रहे।


