तनवीर
हरिद्वार, 1 नवंबर। जटवाड़ा पुल स्थित सपा कार्यालय पर कार्यक्रम के दौरान दर्जनों युवाओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। पार्टी में शामिल हुए युवाओं का लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, सपा जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। चंद्रशेखर यादव ने कहा कि सपा सभी वर्गो के विकास में योगदान देती चली आ रही है। राज्य की त्रिवेंद्र सरकार युवाओं को रोजगार मुहैया नहीं करा पा रही है। प्रदेश से लगातार युवाओं का पलायन जारी है।
भाजपा कांग्रेस बारी बारी से प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं। सपा पूरे प्रदेश में युवाओं को सम्मिलित करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार बढ़ती महंगाई पर किसी प्रकार का अंकुश नहीं लगा पा रही है। बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। प्याज आलू के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। जनता को राहत नहीं मिल पा रही है। भाजपा मात्र चुनावी जुमलो से जनता को बहलाने का काम करती है।
सपा जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी ने कहा कि सपा पार्टी में युवाओं को उचित सम्मान दिलाया जाएगा। युवा ही पार्टी की रीति नीतियों को पूरे प्रदेश में प्रचारित प्रसारित करने का काम करेंगे। भाजपा व कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जनता की समस्याओं से इनका कोई लेना देना नहीं है। विकल्प के तौर पर सपा दोनों पार्टियों को सबक सिखाने का काम करेगी।
जिला उपाध्यक्ष इदुल खान ने पार्टी में सम्मिलित हुए युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सपा ही सभी वर्गो के विकास में अपना योगदान देती है। जातपात व धर्म के भेदभाव को दरकिनार कर विकासवादी सोच के साथ आगे बढ़ें। सदस्यता लेने वालों में अमन राजपूत, आकाश, इस्लाम खान, अलीम अंसारी, अजीज अंसारी, आले हसन, शादाब, अशोक, भोला, भूपेंद्र, तस्लीम अहमद, सलीम, जितेंद्र यादव, नईम खान, उमंग मिश्रा आदि शामिल रहे।