हरिद्वार, 1 नवम्बर। महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद महाराज ने कुंभ मेला प्रशासन से बड़े स्तर पर पार्किंग बनाने की मांग की है। स्वामी अनंतानंद महाराज ने कहा कि हरिद्वार में पार्किंग बड़ी समस्या है। पर्याप्त पार्किंग नहीं होने की वजह से कांवड़ मेला और अन्य स्नान पर्वो पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। लाखों वाहनों के आने से पर्यावरण भी दूषित होता है। उन्होंने कहा कि दो महीने बाद कुंभ मेला शुरू होने वाला है।
जिसमें सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूष और करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कुंभ मेले के दौरान लाखों की संख्या में वाहनों का आवागमन भी होगा। ऐसे में शहर की भौगोलिक स्थित को देखते हुए बड़े स्तर पर पंतदीप, रोड़ी बेलवाला, भूपतवाला, रेलवे स्टेशन और अन्य क्षेत्रों में बहुमंजिला पाकिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए। जिससे अधिक संख्या में वाहन पार्क हो सके और जाम की समस्या का भी हल हो सके। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों पर हरियाली का भी ध्यान रखा जाए।
जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। बहुमंजिला, हरित और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से सुरक्षित पार्किंग से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा तो मिलेगी ही, लोग मेला प्रशासन और जिला प्रशासन की सराहना करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा भी लेंगे।




