दिव्यांगजनों के लिए धामी सरकार ने किए अभूतपूर्व कार्य-सुनील सैनी

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 4 दिसम्बर। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने बताया कि दिव्यांगजनो के लिए धामी सरकार द्वारा अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। विगत 4 वर्षों में सरकार की समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनेकों योजनाओं का लाभ दिव्यांगजनों को मिला है। सुनील सैनी ने बताया कि विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा उत्कृष्ट कर्मचारी, दक्ष दिव्यांग खिलाड़ी, स्वरोजगार में रत दिव्यांगजनों को राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सुनील सैनी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 में दिव्यांग पेंशन योजना में 97214 पेंशनर्स को नवम्बर 2025 तक मासिक पेंशन का भुगतान करते हुए 108.85 करोड़ की धन राशि खर्च की गई है। विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया को सरलीकृत करते हुए स्वयं लाभार्थी को ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिव्यांगजन आयुक्त कार्यालय आईटी सेल एवं बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम देहरादून के कार्यालय का निर्माण रुपए 351.09 लाख की लागत से किया जा रहा है।

दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, उनके सेवायोजको स्वरोजगार में रत दिव्यांग व्यक्तियों के सेवायोजको अधिकारियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार के रूप में दी जाने वाली धनराशि को वित्तीय वर्ष 2023- 24 से 5000 से बढ़कर 8000 किया गया है। दिव्यांग जनों को विभिन्न सहायक यंत्र /उपकरण हेतु कृत्रिम अंग प्रदान करने के लिए धनराशि को वित्त वर्ष 2023 -24 से रुपए 3500 से रुपए 7000 किया गया है।

जिलेवार विशेष कैंप आयोजित कर उनकी आवश्यकता अनुसार सहायक उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराए जाने हेतु सभी जनपदों को बजट आवंटन कर आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके क्रम में विगत 3 वर्षों में राज्य के समस्त पात्र दिव्यांग जनों हेतु 994 शिविर आयोजित कर 18280 कृत्रिम अंग/ सहायक उपकरण प्रदान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा हेतु निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था के अनुपालन में दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा हेतु राजकीय दिव्यांग प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र हल्द्वानी में कंप्यूटर, ब्रेल की बोर्ड, वॉइस बॉक्स आदि की व्यवस्था कर दी गई है। धामी सरकार द्वारा समय-समय पर प्रदेश के उत्कृष्ट पैरा खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा दिव्यांगजन हमारे समाज की शक्ति हैं, समस्त समाज का दायित्व है कि दिव्यांग भाई-बहनों की प्रतिभा को आगे लाने में सहयोग दें और उन्हें एक सम्मानजनक, सुगम एवं समान अवसरों वाला वातावरण प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *