तनवीर
हरिद्वार, 3 फरवरी। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर महाशिवरात्रि से पूर्व घाटों, पुलों पर समुचित पथ प्रकाश व्यवस्था सहित, झूलते लटकते वाईफाई तार, अवैध होर्डिंग हटाए जाने एवं सफाई नायकों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। सुनील सेठी ने कहा कि आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है। इस दौरान भारी संख्या में कांवड़िएं गंगाजल लेने हरिद्वार आएंगे।
कांवड़ियों की सुविधा के लिए घाटों, पुलों पर समुचित पथ प्रकाश व्यवस्था सहित, झूलते लटकते वाईफाई तार, अवैध होर्डिंग हटाए जाएं और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सफाई नायकों की संख्या बढ़ाए जाए। गंगा घाटों के आसपास घूमने वाले आवारा पशुओं को हटाया जाए। सुनील सेठी ने कांवड़ यात्रा के दौरान खुले मैदानों, पार्किंग स्थलों के पास एवं बाजारों में फड़ लगाने वालों से किराया वूसलने वालों की सफाई के प्रति जिम्मेदारी भी तय की जाए। सुनील सेठी ने बताया कि मुख्य नगर आयुक्त ने समुचित व्यवस्थाएं करने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालो में मुख्य रूप से कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुनील मनोचा, भूषणलाल अरोड़ा, सौरभ अरोड़ा, सोनू चौधरी आदि शामिल रहे।


