तनवीर
नागरिकों को भी करना चाहिए सफाई में सहयोग-अहसान अंसारी
हरिद्वार, 10 फरवरी। वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर में वार्ड पार्षद अहसान अंसारी के नेतृत्व में नालों की वृहद स्तर पर सफाई को लेकर दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। जलभराव की समस्या से निजात और स्वच्छता बनाए रखने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान प्रमुख नालियों और उपनालियों की गहन सफाई की गई। दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में नगर निगम के सफाई कर्मियों, सुपरवाइजरों तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। नालों व नालियों में जमी गाद, कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को मैनुअल श्रम की सहायता से हटाया गया। सफाई के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि निकाला गया कचरा तुरंत निर्धारित स्थानों पर निस्तारित किया जाए, ताकि दोबारा गंदगी न फैले।
वार्ड पार्षद अहसान अंसारी ने मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी की और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नागरिकों को भी इसमें सहयोग करना चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे नालों में कचरा न डालें और साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। क्षेत्र के लोगों ने अभियान की सराहना की। अभियान में वार्ड पार्षद एहसान अंसारी के अलावा नगर निगम के क्षेत्रीय सैनिटरी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह, पर्यावरण पर्यवेक्षक कुसुम पाल, अखिल कुमार आदि ने सहयोग प्रदान किया।


