तनवीर
सभी वार्डो में बनाए जाएं वेंडिंग जोन-संजय चोपड़ा
हरिद्वार, 13 मार्च। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर आयुक्त नंदन कुमार से मिलकर उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली 2016 के अनुरूप शासन द्वारा लघु व्यापारियों के लिए बनाए गए नए नियमों और योजनाओं के बारे में चर्चा की और नियमों व योजनाओं की नियमावली सौंपी। साथ ही पूर्व में फेरी समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों पर बिंदुवार चर्चा कर क्रियान्वन की मांग की। इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार ने लघु व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा वर्ष 2026 में नगर निगम प्रशासन द्वारा जिन लघु व्यापारियों को ठेली के लाइसेंस दिए गए हैं।
उन सभी को कारोबार की अनुमति देने के साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को भी पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के नजदीक व भगत सिंह चौक से सेक्टर-2 बैरियर वेंडिंग जोन के सौंदर्यकरण के साथ बिजली, पानी, सीसीटीवी कैमरे चौकीदार आदि सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यवाही की जा रही है। कुंभ मेला प्रशासन द्वारा नए सेक्टर घोषित किए जाने के बाद मेला क्षेत्र में भी वेंडिंग जोन बनाए जाने पर विचार किया जाएगा।
संजय चोपड़ा ने दो नए वेंडिंग जोन बनाए जाने पर नगर निगम प्रशासन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि रेलवे रोड़ सहित सभी 60 वार्डो में छोटे वेंडिंग जोन बनाए जाएं। इससे लघु व्यापारियों को कारोबार के अवसर मिलेंगे। इस दौरान फेरी समिति के सदस्य राजकुमार, सुमन गुप्ता, आशा कश्यप, सुनील कुकरेती, लालचंद, कपिल कुमार, विजय गुप्ता, धर्मपाल, सोनू, भोला यादव, चंदन रावत, मनीष, रिंकू, कामिनी मिश्रा, ललिता, रेखा, बबीता, सीमा, सुनीता, आजम अंसारी, कामिल, नईम आदि लघु व्यापारी भी शामिल रहे।


