हरिद्वार, 21 जून। श्री गुरू रविदास सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित गौतम के संयोजन में निकाली जा रही मन चंगा जन संदेश यात्रा के हरिद्वार पहुंचने पर गुरू रविदास घाट समिति के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान सभी को गुरूजी की रसोई से सभी को भोजन प्रसाद भी वितरित किया गया।
ज्वालापुर स्थित संत शिरोमणी गुरू रविदास घाट पर यात्रा का स्वागत करते हुए रविदास घाट समिति के योगेश कुमार , ललित कुमार, विशाल राठौर एवं समाजसेवी कमल उनियाल ने कहा कि समाज को समानता और भाईचारे का संदेश देने वाले गुरू रविदास की शिक्षाएं सदैव प्रासंगिक रहेंगी। विशाल राठौर ने कहा कि समाज में गुरू रविदास की शिक्षाओं का प्रसार करने के लिए मन चंगा जन संदेश यात्रा निकाल रहे रोहित गौतम साधुवाद के पात्र हैं।
यात्रा निश्चित रूप से समाज में जागरूकता उत्पन्न करने में सफल होगी। श्री गुरू रविदास सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से शुरू हुई यात्रा 25 जून को नई दिल्ली स्थित संत शिरोमणी विश्राम धाम मंदिर तुगलकाबाद में संपन्न होगी। रोहित गौतम ने बताया कि यात्रा के उद्देश्य जन-जन तक गुरू रविदास के संदेश को पहुंचाना है।
गुरू महाराज द्वारा दिए गए मन चंगा के संदेश को सार्थक करते हुए उनकी शिक्षाओं के प्रसार के लिए संगठन ने यात्रा निकालने का संकल्प लिया। स्वागत करने वालों में मलकीत सिंह, ललित कुमार, अभिषेक कुमार, विवेक कुमार, सलीम, इंद्रजीत सिंह, मीरा, प्रियंका, जसविंदर सिंह, तेज सिंह आदि शामिल रहे।


