हरिद्वार, 8 जुलाई। थाना सिडकुल पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाईकिल बरामद की हैं। बरामद बाइक में से दो थाना सिडकुल तथा एक कोतवाली रानीपुर क्षेत्र से चोरी की गयी थी। गिरफ्तार किए गए आरोपी के एक साथी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
थाना क्षेत्र में हुई दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं की जांच पड़ताल के लिए गठित पुलिस टीम ने सिडकुल स्थित टैप इंडिया कंपनी तिराहे पर चैकिंग के दौरान राजा बिस्कुट चौक की तरफ से तेज गति से आ रहा एक बाइक सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भगाने के प्रयास में फिसलकर कर गिर गया। पुलिस टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया। जांच करने पर बाइक थाना क्षेत्र से चोरी की गयी निकली।
पूछताछ में आरोपी रजत उर्फ कार्तिक पुत्र अनिल भारद्वाज निवासी ग्राम निधौली खुर्द रिझोर जिला एटा उत्तर प्रदेश हाल पता रोशनाबाद गली ने बताया कि बाइक उसने अपने साथी सहवाज के साथ मिलकर कुछ दिन पहले शिवालिक गंगा विहार कालोनी नवोदय नगर से चुरायी थी। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर झाड़ीयों में छिपाकर रखी गयी तो अन्य बाइक बरामद की गयी। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि बाइक चोरी की घटना में शामिल सहवाज गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस टीम में एसआई इंद्रजीत सिंह राणा, हेडकांस्टेबल संजय तोमर, कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।


