ऑपरेशन कालनेमि:- थाना श्यामपुर पुलिस ने किया तंत्र मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,ठगी गयी 4.55 लाख रूपए की रकम बरामद

Crime Haridwar News
Spread the love


महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
ठगी गयी 4.55 लाख रूपए की रकम, लग्जरी कार व ठगी में इस्तेमाल सामग्री बरामद

हरियाणा निवासी पीड़ित को विशेष पूजा कराने के नाम पर हरिद्वार बुलाकर दिया था ठगी की वारदात को अंजाम
हरिद्वार, 17 जुलाई। ऑपरेशन कालनेमि के तहत कार्रवाई करते हुए थाना श्यामपुर पुलिस ने यूट्यूब चैनल के जरिए तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तंत्र मंत्र के नाम पर ठगे गए 4.55 लाख रूपए, लग्जरी कार व ठगी में इस्तेमाल की गयी सामग्री बरामद की गयी है।
बृहष्पतिवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे डायल-112 के माध्यम से थाना श्यामपुर को सूचना प्राप्त हुई कि मन्नत ढाबा चण्डी देवी मंदिर के पास एंडेवर कार में सवार महिला व पुरुष एक व्यक्ति से 4,60,000 रूपए की धोखाधड़ी कर फरार हो गए हैं। सूचना पर श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल सभी पिकेट एवं चेक पोस्टों को अलर्ट करते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश के प्रयास शुरु किए। देर रात पुलिस टीम ने माइनिंग चेक पोस्ट चिड़ियापुर के पास से एंडेवर कार में सवार दो पुरुष एवं एक महिला को हिरासत में ले लिया। आरोपियों मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित पुत्र श्रवण सिंह उर्फ नमो शान्त शर्मा निवासी मोहल्ला चारजान कस्बा मंडावर जनपद बिजनौर उ.प्र.उम्र हाल निवासी चन्द्रमणी देहरादून, मोन्टी जोशी पुत्र मुनेश कुमार जोशी निवासी सब्जी मंडी के पास थाना पटेलनगर देहरादून व महिला निवासी थैलीसैण जनपद पौड़ी गढ़वाल हाल निवासी तुनुवाला भद्रकाली देहरादून से पूछताछ में सामने आया कि उनके द्वारा अग्रोहा नाम से एक यूट्यूब चैनल संचालित किया जा रहा है। यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों में विश्वास पैदा कर उन्हें अंधविश्वास एवं भय का शिकार बनाकर पूजा-पाठ एवं तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये एवं आभूषण हड़प लेते थे। गिरोह ने हरियाणा निवासी पीड़ित को झांसे में लेकर चण्डी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के लिए हरिद्वार बुलाया। पूजा का खर्च 4,60,000 रूपए बताया गया। तय योजना के अनुसार गिरोह के सदस्यों ने पीड़ित को एक लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा तथा नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया। इसके बाद पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित सोनीपत हरियाणा निवासी विनोद कुमार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गिरोह द्वारा अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार की वारदातें किए जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है। जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील भी की है कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा अथवा चमत्कार के नाम पर धन की मांग करने वाले तथाकथित तांत्रिकों, बाबाओं एवं सोशल मीडिया चैनलों के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की धोखाधड़ी का प्रयास करता है, तो तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें।

Leave a Reply