हरिद्वार, 4 अगस्त। कांवड़ मेले में मां से बिछड़ गयी मासूम को पुलिस ने तलाश कर सकुशल मां से मिलवा दिया। कावंड़ लेकर लौट रही खुर्जा निवासी सुनीता पत्नी मुरारीलाल ने थकान के चलते पांच वर्षीय बेटी को रास्ते में एक पिकअप वाहन में बैठा दिया। कुछ देर बाद वाहन आगे निकल गया। वाहन का नंबर और उसमें सवार कांवड़ियों से कोई संपर्क नहीं होने के कारण बेटी का कुछ पता नहीं चलने पर सुनीता ने बहादराबाद बायपास पर डयूटी पर तैनात सेक्टर अधिकारी एसआई हेमदत्त भारद्वाज को परेशानी बतायी।
एसआई हेमदत्त भारद्वाज ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी और सभी पुलिस ग्रुपों में बच्ची की जानकारी साझा की। इसके बाद पुलिस टीम ने महिला को सरकारी वाहन में साथ लेकर बहादराबाद बायपास, कोर कॉलेज, टोल प्लाजा और हाईवे पर चल रहे व रुके हुए पिकअप कांवड़ वाहनों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास करने के बाद साईं मंदिर के पास एक पिकअप कावंड़ वाहन में बालिका सकुशल मिल गयी। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बेटी को सुरक्षित पाकर महिला ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।


