10 अगस्त को हरकी पैड़ी से वीरभद्र महादेव तक निकाली जाएगी कांवड़ यात्रा
-रेखा आर्या
आस्था, राष्ट्र भक्ति, युवा शक्ति और खेल संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश देगी कांवड़ यात्रा-श्रीमहंत डा.रविद्रपुरी
हरिद्वार, 6 अगस्त। हरिद्वार आयी कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज तथा निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने पगड़ी पहनाकर, मां दुर्गा की मूर्ति व तलवार भेंटकर स्वागत किया। चरण पादुका मंदिर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में स्वागत के दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 10 अगस्त को हरकी पैड़ी से ऋषिकेश के वीरभद्र महादेव मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी।
नन नन पिछली कांवड़ यात्रा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और लैंगिक समानता के संदेश को समर्पित थी, जिसके सकारात्मक परिणाम प्रदेश में देखने को मिले हैं। इस बार की यात्रा भक्ति, शक्ति और खेल संस्कृति का विराट संगम बनेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस राष्ट्रीय विजन को जन-जन तक पहुंचाना है, जिसके अंतर्गत भारत वर्ष 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी प्राप्त कर विश्व की खेल महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े राष्ट्रीय लक्ष्य की सफलता के लिए संतों का आशीर्वाद और समाज की सहभागिता आवश्यक है।
इसी भावना से उन्होंने हरिद्वार आकर संत समाज के दर्शन कर आगामी यात्रा की सफलता का आशीर्वाद प्राप्त किया। संतों के आशीर्वाद से भारत को खेल महाशक्ति बनाने का संकल्प पूरा होगा। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि खेल मंत्री रेखा आर्या द्वारा वर्ष 2036 में ओलंपिक आयोजन के माध्यम से भारत को खेल महाशक्ति बनाने के संकल्प के साथ की जा रही कांवड़ यात्रा अत्यंत प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय है।
संत समाज के आशीर्वाद से उनकी यात्रा अवश्य सफल होगी और आमजन को आस्था, राष्ट्र भक्ति, युवा शक्ति और खेल संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश देगी। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि महादेव शिव की कृपा से देश खेल जगत में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस अवसर पर महंत राज गिरी, उद्योगपति गिरधारी लाल, भाजपा नेता रोहन सहगल, पंडित अधीर कौशिक सहित अनेक लोग मौजूद रहे।


