हरिद्वार, 7 नवम्बर। महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी मोहनानंद गिरी, स्वामी संतोष नंदन, महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद गिरी ने निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज से भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दी। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने सभी संतों का माता की चुनरी ओढ़ाकर, मां मनसा देवी का चित्र भेंटकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि लंका विजय के पश्चात जब भगवान श्रीराम, माता सीता, अनुज लक्ष्मण और अपने परम भक्त हनुमान के साथ अयोध्या लौटे तो अयोध्यावासियों ने दीपों की रोशनी कर बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व मनाया। श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व ही नही, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग के जीवन में खुशीयां लाने का अवसर भी है। दीपावली मनाते समय समाज के गरीब जरूरतमंद वर्ग को भी अपनी खुशीयों में शामिल करें।
यही दीपावली की सार्थकता है। महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी मोहनानंद गिरी, स्वामी संतोष नंदन, महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद गिरी ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम, एकता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस दौरान निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत राज गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित कई संत महंत मौजूद रहे।




