लकसर कोतवाली पुलिस ने सुलझायी अंकित चौहान की गुमशुदगी की गुत्थी

Haridwar News
Spread the love


हत्या के आरोप में गांव के ही रहने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
हत्या कर शव बाइक से बांधकर नदी में डुबो दिया था

हरिद्वार, 12 अगस्त। लकसर थाना क्षेत्रांतर्गत शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कारोबार व पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपियों ने अंकित चौहान की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए उसके शव को उसकी ही बाइक से बांधकर नदी में डुबो दिया था। मृतक और उसकी हत्या के चारों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं।

मुख्य आरोपी इसके पूर्व भी हत्या के आरोप में जेल जा चुका है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से नदी में डुबायी गयी बाइक और उसमें बंधा मृतक अंकित चौहान का शव बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार 2-3 अगस्त की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान अपनी मोटरसाइकिल से घर जाते हुए रास्ते में गायब हो गया था और उसका मोबाइल भी बंद हो गया था। कुछ पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा घटना के खुलासे के लिए लकसर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि लापता हुए अंकित की गांव के ही रहने वाले सचिन पुत्र पवन, मेहकार पुत्र पवन, कुलवंत पुत्र कल्लू व अंकित उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल से पिछले कुछ समय से रंजिश चल रही थी। पुलिस टीम ने चारों से गहनता से पूछताछ की तो आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने मिलकर अंकित चौहान की हत्या करने के बाद उसके शव को उसकी मोटरसाइकिल के साथ बांधकर शिवपुरी गांव के पास बनी खुसरो की ठोकर से नदी में डुबो दिया है।

पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतक अंकित काफी समय से उन्हें परेशान कर रहा था और ट्रैक्टर ट्राली के खनन में उनकी मुखबिरी करके उन्हें पकड़वा देता था। जिससे उन्हें काफी नुकसान हो रहा था। इसलिए चारों ने उसेे रास्ते से हटाने का फैसला किया और 2 अगस्त की रात को जब वह अपने घर लौट रहा था तो रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल रोक कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, रायसी चौकी इंचार्ज राजीव उनियाल, भिक्कमपुर चौकी इंचार्ज यशवीर नेगी, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह व रविंद्र, कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल, सुरेश शामिल रहे।

Leave a Reply