कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मेयर किरण जैसल ने की मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात
हरिद्वार, 21 अगस्त। मेयर किरण जैसल ने कुंभ मेला अधिकारी सोनिका से मुलाकात कर अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दौरान सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं एवं शहर के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मेयर ने कहा कि कुंभ मेला स्वच्छता, सुव्यवस्था और बेहतर नागरिक सुविधाओं की ऐसी मिसाल बने, जिसे देश-दुनिया के सामने मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
मेयर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में मेले की व्यवस्थाओं का सीधा प्रभाव हरिद्वार की छवि और प्रतिष्ठा पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ में स्वच्छता को केवल एक व्यवस्था के रूप में नहीं, बल्कि एक जनअभियान और जनभागीदारी के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान घाटों, बाजारों, प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों, मेला क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर 24 घंटे प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ कूड़ा निस्तारण की वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। इसके लिए नगर निगम स्तर से आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई। मेयर ने कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसा कुंभ आयोजित करना है, जहां देशभर से आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हरिद्वार की स्वच्छता, सुंदरता और व्यवस्थित व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए वापस जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती, नियमित कूड़ा उठान, सार्वजनिक स्थलों की निरंतर सफाई, स्वच्छता जागरूकता अभियान तथा आमजन की भागीदारी को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ कुंभ सुंदर हरिद्वार की भावना के साथ सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। नगर निगम की ओर से स्वच्छता व्यवस्था को लेकर हरसंभव सहयोग किया जाएगा तथा मेला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे मेले के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था लगातार प्रभावी बनी रहे। मुलाकात के दौरान मेयर किरण जैसल ने स्वच्छता के साथ श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग, घाटों की व्यवस्थाओं तथा शहर के प्रमुख क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियां केवल मेला क्षेत्र तक सीमित न रहकर पूरे हरिद्वार शहर को ध्यान में रखकर की जानी चाहिए। मेयर ने कहा कि हरिद्वार की स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल नगर निगम या प्रशासन की नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कुंभ जैसे विशाल आयोजन में जनभागीदारी को बढ़ावा देकर स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने शहरवासियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक संस्थाओं से भी आगामी कुंभ को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका के साथ हुई मुलाकात में मेले की तैयारियों को लेकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। मेला प्रशासन और नगर निगम के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को और प्रभावी बनाने पर सकारात्मक चर्चा हुई। मेयर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार की स्वच्छता ही उसकी पहचान और उसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। आगामी कुंभ में इसी संकल्प के साथ कार्य किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधाजनक हरिद्वार का अनुभव मिले तथा यह कुंभ स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बने।


