ज्वालापुर का समग्र विकास कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं-विपिन गुप्ता

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 24 अगस्त। ज्वालापुर शहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन गुप्ता एवं महामंत्री विक्की तनेजा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर ज्वालापुर का समग्र विकास कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में विपिन गुप्ता ने कहा है कि ज्वालापुर रानीपुर एवं हरिद्वार दोनों विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ा हुआ ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्रमुख व्यापारिक नगर है। इसके बावजूद लंबे समय से ज्वालापुर विकास की दृष्टि से उपेक्षित है। सरकारी बैठकों एवं विकास योजनाओं में भी ज्वालापुर की समस्याओं को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिलती।

विपिन गुप्ता ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य गठन के 25 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ज्वालापुर अनेक मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। जबकि यहां का व्यापारिक वर्ग सरकार को महत्वपूर्ण राजस्व देता है और प्रत्येक सरकारी एवं जनहित कार्य में सदैव सहयोग करता आया है। पंचपुरी की प्रमुख नगरी ज्वालापुर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां सदियों से धार्मिक आयोजन होते रहे हैं तथा महाकुंभ पर्व में भी ज्वालापुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इसके बावजूद कुंभ क्षेत्र से ज्वालापुर को बाहर किया जाना यहां की जनता के लिए अत्यंत निराशाजनक है। विपिन गुप्ता ने कहा कि ज्वालापुर की जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक बस स्टैंड की स्थापना की जाए। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन का आवश्यक सुविधाओं सहित आधुनिकीकरण एवं सभी ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। सरकारी अस्पताल की स्थापना की जाए।

सरकारी डिग्री कालेज, व्यवस्थित पार्किंग, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुलभ शौचालय, शुद्ध पेयजल, नालियों की नियमित सफाई एवं जल निकासी, टूटी एवं जर्जर सड़कों का स्थायी पुनर्निर्माण। बाजारों एवं रिहायशी क्षेत्रों में बिजली के तारों के जंजाल से मुक्ति। कॉलोनियों में सीवर, जलापूर्ति, जल निकासी एवं पक्की सड़कें, आधुनिक ट्रैफिक व्यवस्था, प्रमुख चौराहों पर सिग्नल आदि की सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं।

Leave a Reply