जिलाधिकारी ने दिए बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश
हरिद्वार 19 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में 22 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बहुउद्ेश्यीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रोस्टर तैयार कर सभी विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।
जिलाधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 22 सितम्बर को विकासखंड बहादराबाद, 24 सितम्बर को विकासखंड भगवानपुर, 26 सितम्बर को नगर निगम हॉल रुड़की, 29 सितम्बर को विकासखंड नारसन, 1 अक्टूबर को विकासखंड लक्सर, 3 अक्टूबर को विकासखंड खानपुर, 6 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर, 8 अक्टूबर को नगर पंचायत इब्राहिमपुर, 9 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद मंगलौर, 13 अक्टूबर को नगर पंचायत पिरान कलियर, 15 अक्टूबर को नगर पंचायत झबरेड़ा, 17 अक्टूबर को अटल उत्कृष्ट कन्या इंटर कालेज भगवानपुर में आयोजित किए जा रहे बहुउद्देशीय शिविर में सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन, पंजीकरण, प्रमाणपत्र वितरण एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध करायी जाएंगी।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को शिविरों के व्यापक प्रचार प्रसार के साथ जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने तथा प्राप्त जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।


