हरिद्वार, 19 सितम्बर। भाजपा पार्षद आकाश भाटी ने कुंभ मेला प्रशासन पर की तैयारियों के नाम पर खानापूर्ति करने और उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार हरिद्वार कुंभ को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने की तैयारियां कर रही हैं। ऐसे में कुंभ मेला प्रशासन द्वारा केवल चुनिंदा क्षेत्रों का निरीक्षण कर औपचारिकता पूरी करना और उत्तरी हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की समस्याओं को नजरअंदाज करना चिंता विषय है।
प्रैस को जारी बयान में सप्तऋषि क्षेत्र के पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि सप्तसरोवर क्षेत्र संत महात्माओं की तपस्थली और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं। अनेक प्रमुख आश्रम व धार्मिक संस्थाएं उत्तरी हरिद्वार में स्थित हैं। क्षेत्र में पुराना आरटीओ चौक से लेकर सप्तऋषि तक जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। शहर में कुंभ जैसे बड़े आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। लेकिन अभी तक इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान को लेकर मेला प्रशासन की गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कुंभ मेला केवल फाइलों में निरीक्षण और बैठकों से सफल नहीं होगा।
अधिकारी धरातल पर उतरें, जनता की समस्या देखें और समयबद्ध तरीके से समाधान करें। क्षेत्र का सौंदर्यकरण कराएं। यदि मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण मार्गों पर जलभराव होगा तो बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को क्या संदेश जाएगा। भाटी ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कुंभ मेला प्रशासन से मांग की कि पुराने आरटीओ चौक से सप्तऋषि तक जलभराव की समस्या का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर नाले एवं जल निकासी की ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
मुख्यमंत्री की दिव्य भव्य कुंभ की भावना के अनुरूप अधिकारियों की कार्यप्रणाली धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। पार्षद आकाश भाटी ने चेतावनी दी कि यदि उत्तरी हरिद्वार की समस्याओं को तत्काल गंभीरता से नहीं लिया गया, तो क्षेत्र की जनता और संत समाज के साथ मिलकर मजबूती से आवाज उठाएंगे।


