एसएमजेएन कालेज में किया उत्तराखंड मुक्त विवि के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 29 सितम्बर। एसएमजेएन कालेज में स्थापित किए गए उत्तराखंड मुक्त विवि के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.नवीनचंद्र लोहन, अखाड़ा परिषद एवं कालेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज, प्राचार्य प्रो.डा.सुनील कुमार बत्रा, सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी, सहायक निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं डा.एम.एम. जोशी एवं डा.गिरिजा पांडे की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान पुस्तक मेले का आयोजन भी किया गया और छात्रों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गयी। प्राचार्य प्रो.डा.सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि कालेज परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। प्रो.नवीनचंद्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिकाधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। हरिद्वार में क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी एवं डिजिटल संसाधनों के साथ पुस्तकों और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री की उपलब्धता विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। कालेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय कार्यालय प्रारंभ होना हरिद्वार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने तथा शिक्षा के साथ संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। डा.गिरिजा पांडे ने कहा कि आज के बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को लचीले एवं वैकल्पिक अध्ययन के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रहा है। डा.एम.एम. जोशी ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सेवाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा। सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का त्वरित समाधान, प्रवेश, परीक्षा, अध्ययन सामग्री तथा अन्य अकादमिक गतिविधियों से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में यह कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महाविद्यालय परिसर में आयोजित विशाल पुस्तक मेला रहा। पुस्तक मेले में विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकों का समृद्ध संग्रह प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में पुस्तक मेले का अवलोकन किया और विशेष उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अपनी रुचि के अनुरूप पुस्तकों का चयन किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बावजूद पुस्तकों का महत्व आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क पुस्तकें मिलने से उन्हें अपनी पढ़ाई के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध हुई है और जिससे नियमित अध्ययन की आदत को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर प्रो विनय थपलियाल, डा.मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, डा.पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, डा.विजय शर्मा, डा.पल्लवी, डा.मीनाक्षी शर्मा, जोगेंद्र मावी, डा.योगेश सिंघल, तारा सिंह, रुचिता सक्सेना, कार्यालय अधीक्षक मोहनचन्द्र पाण्डेय सहित अनेक छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply