तनवीर
बंशीधर भगत को तत्काल पद से हटाए भाजपा-विमला पाण्डे
हरिद्वार, 6 जनवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत द्वारा नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री इंदिरा हृदेश पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष विमला पांडे के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवालिक नगर चैक पर बंशीधर भगत के खिलाफ प्रदर्शन किया। विमला पांडे ने कहा कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को सार्वजनिक मंच पर इंदिरा हृदेश से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत की टिप्पणी से महिलाओं के प्रति भाजपा नेताओं की सोच उजागर हो गयी है। इंदिरा हृदयेश एक वरिष्ठ नेत्री होने के साथ सम्मानित महिला हैं। उनके प्रति अपमानजनक टिप्पणी कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने महिलाओं के प्रति अपनी मानसिकता को उजागर कर दिया है। इसके लिए पूरे भाजपा संगठन को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए तथा बंशीधर भगत को तत्काल पद से हटा देना चाहिए। जब तक बीजेपी उन्हें पद से नहीं हटाती है तब तक महिला कांग्रेस सड़कों पर प्रदर्शन जारी रखेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा की गयी अपमानजनक टिप्पणी का संज्ञान लेकर कार्यवाही करनी चाहिए। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष ममता झा, मालती देवी, रानी, कोमल, ऊषा, सुमन, विद्या देवी, नेहा, सुनीता, बीना वर्मा, संगीता चैहान, रानी पाल, रेखा, श्वेता, पार्वती, कल्पना, किरण, श्याम आदि शामिल रहे।