प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह को ट्वीट कर पंजाबी समाज की उपेक्षा से अवगत कराया-सुनील अरोड़ा

Haridwar News
Spread the love

अमरीश

हरिद्वार, 22 मई। उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश महामंत्री सुनील अरोड़ा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पंजाबी समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया है। पत्र में सुनील अरोड़ा ने कहा है कि पंजाबी समाज के संजय सहगल व विमल कुमार को सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया और तुरंत हटा दिया गया। इसके बाद हाल ही में पंजाबी समाज के ही दिनेश मानसेरा को मुख्यमंत्री का मीडिया सलाहकार घोषित करने के एक दिन बाद ही हटा दिया गया। जिससे समस्त पंजाबी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

राज्य का पंजाबी समाज अपने आपको अपमानित महसूस कर रहा है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि पंजाबी समाज के साथ लगातार नाइंसाफी और सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जबकि पंजाबी समाज हमेशा ही भाजपा का समर्थन करता रहा है। बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर विजयी हुए पांच विधायकों में से किसी को भी उत्तरांचल पंजाबी महासभा के बार बार आग्रह करने के बावजूद सरकार में जगह नहीं दी गयी। सुनील अरोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह को भी ट्वीट कर पंजाबी समाज की उपेक्षा से अवगत करा दिया गया है।