पूर्व सैनिक ने प्राॅपर्टी डीलर से जताया जान का खतरा

Haridwar News
Spread the love

तनवीर

हरिद्वार, 15 मार्च। नवोदय नगर सिडकुल निवासी पूर्व सैनिक साधु राम ने प्राॅपर्टी डीलर से जान का खतरा जताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगायी है। प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान पूर्व सैनिक साधु राम ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने नवोदय नगर निवासी प्राॅपर्टी डीलर मोनू वर्मा के माध्यम से एक भूखंड का सौदा किया था। जिसकी एवज में उन्होंने 32 रूपए भी मोनू वर्मा को दे दिए थे। लेकिन भूखंड पर विवाद के चलते रजिस्ट्री नहीं हो पायी। इसके बाद उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो मोनू वर्मा ने रूपए वापस करने का वादा करते हुए 14-14 लाख रूपए के दो चेक दिए थे। लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए। मुअज्जिज लोगों की मौजूदगी में रकम वापस दिए जाने की बात तय हुई। इसके बाद भी उनकी रकम वापस नहीं की गयी। पैसे मांगने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

साधुराम ने आरोप लगाते हुए बताया कि 8 मार्च को वह अपने मित्र अमित के घर गए हुए थे। इसी बीच मोनू वर्मा व अक्षय कुमार ने घर में घुसकर गाली गलौच करते हुए मारपिटाई की और धमकी देते हुए चले गए। इसके बाद दोपहर तीन बजे उन्होंने फिर से उनके साथ मारपीट की जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करायी है। साधुराम ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उनकी रकम वापस दिलायी जाए और उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।