मां जगदम्बा की महिमा संसार में अपरंपार है-आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी

Haridwar News
Spread the love

राकेश वालिया


हरिद्वार, 24 मार्च। निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि मां जगदम्बा की महिमा संसार में अपरंपार है। नवरात्रों में मां जगदम्बा के निमित्त व्रत और पूजन करने से भक्त का उद्धार होता है। तीसरे नवरात्र पर श्री दक्षिण काली मंदिर में श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि नवरात्रों में मां के सभी नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना करने से दुर्भाग्य से छुटकारा मिलता है। जीवन संवर जाता है और परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है।

अंतःकरण के विकार दूर होते हैं और ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि मां भगवती की कृपा प्राप्त करने के लिए प्रत्येक श्रद्धालु को नवरात्रों में माता की आराधना अवश्य करनी चाहिए। साथ ही देवी स्वरूपा कन्याओं के संरक्षण संवर्द्धन का संकल्प लेते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा के समान अवसर प्रदान करने चाहिए। उन्होंने बताया कि नवरात्र की नवमी पर कन्या पूजन कर श्री दक्षिण काली मंदिर में आयोजित नवरात्र उत्सव का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी, स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी, आचार्य पवनदत्त मिश्र, प्रमोद पांडे, लाला बाबा, मुख्य पुजारी स्वामी विवेकानंद, सुधीर पांडे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।