अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने पर आप कार्यकर्ताओं ने जताया हर्ष

Haridwar News
Spread the love

ब्यूरो


हरिद्वार, 10 मई। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में मिष्ठान वितरण कर हर्ष जताया। इस अवसर पर पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष इं.संजय सैनी ने कहा कि 40 दिन जेल में रहने के बाद आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी। इससे एक बार फिर सत्य की जीत हुई। उन्होंने कहा कि तथाकथित शराब घोटाला भाजपा की देन है।

पिछले दो सालों में ईडी, सीबीआई एक पैसे का मनी ट्रेल साबित नहीं कर पाई। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी उन्हें लोकसभा चुनाव में प्रचार से रोकने के लिए की गई थी। आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली हुई पार्टी है और पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता अपने नेता के साथ खड़ा है। अरविंद केजरीवाल की रिहाई के बाद आने वाले चार चरणों में इंडिया गठबंधन को मजबूती मिलेगी और दिल्ली, पंजाब की सभी सीटों पर पार्टी जीत हासिल करेगी।
पूर्व महानगर अध्यक्ष अनिल सती ने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है। भाजपा देश की सर्वाेच्च जांच एजेंसियों के बल पर सत्ता हासिल करना चाहती है। पहले संजय सिंह और अब अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा किस तरह सुनोयोजित तरीके से विपक्षी पार्टियों को खत्म करने का काम कर रही है। केजरीवाल के जेल से बाहर आने से इंडिया गठबंधन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस बार जनता वोट की चोट से जेल का जवाब देने जा रही है। इस अवसर पर अनिल सती, अमनदीप, मंयक गुप्ता, धीरज, पीटर, सागर तेश्वर, क्षवण गुप्ता, रोहन बिडला, संजय गौतम, विशाल कुमार, दीपक शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।