कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करेगा व्यापार मंडल-संजीव चौधरी
हरिद्वार, 5 जून। जिला कार्यालय पर आयोजित राष्ट्रीय व्यापार मण्डल की बैठक में शहर के पार्किग स्थलों में बाहरी लोगों के व्यापार करने पर रोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को अवगत कराने और समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बैठक के दौरान संगठन में नए पदाधिकारी भी मनोनीत किए गए। जिसमें गंगाशरण चंदेरिया महानगर महामंत्री, लवनाथ आचार्य शहर महामंत्री कनखल, राजन मल्होत्रा जिला प्रवक्ता, नरेंद्र चौहान महानगर उपाध्यक्ष व मानुष तोमर को महानगर मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गयी।
बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि बाहरी लोगों को शहर की पार्किगों में अवैध रूपए से दुकानें दे गयी हैं। चौधरी ने कहा कि इसकी जांच की मांग को लेकर जल्द एक प्रतिनिधि मण्डल जिला अधिकारी से मिलकर इसके जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग करेगा। जिला अध्यक्ष विनीत धीमान व महानगर अध्यक्ष आदेश मारवाड़ी ने कहा कि कुछ सरकारी कर्मचारियों और नेताओ के संरक्षण मे शहर की पार्किंगो मे बाहरी लोग आकर दुकाने लगा रहे है। जबकि स्थानीय व्यापारी मेले के दिनो में भी धूल फांक रहे हैं।
स्थानीय व्यापारी ऑफ सीजन में भी पूरा किराया देते हैं। लेकिन मेले के दिनों में कुछ लोग बाहर से आकर पूरा व्यापार कर जाते है और स्थानीय व्यापारी खड़ा देखता रह जाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले को शासन से सरकार तक लेकर जाएंगे। स्थानीय व्यापारियों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। शहर अध्यक्ष ज्वालापुर हरविन्दर सिंह व शहर अध्यक्ष कनखल पंकज सवन्नी ने कहा कि यह एक बड़ी समस्या है। जिसका सीधा नुकसान स्थानीय व्यापारियों को हो रहा है। जिसका समाधान होना चाहिए। बैठक मे मुख्य रूप से जिला महामंत्री भारत तलूजा, जिला उपाध्यक्ष विशाल माथुर, जिला उपाध्यक्ष अशोक गिरी, पुष्पेन्द्र गुप्ता, अनिल तेश्वर, अर्पण ग्रोवर, राजेन्द्र व अरविन्द कुमार आदि व्यापारी मौजूद रहे।