ब्यूरो
शासनादेश का उल्लंघन कर रहे आउटसोर्स कंपनी व ठेकेदार-सुरेंद्र तेश्वर
हरिद्वार, 6 जुलाई। उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक सुरेंद्र तेश्वर ने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर कांवड़ मेले के दौरान सफाई कार्य के लिए आउटसोर्स के माध्यम से रखे जाने वाले पर्यावरण मित्रों को शासनादेश के अनुसार मजदूरी दिलाए जाने की मांग की है। सुरेंद्र तेश्वर ने बताया कि कांवड़ मेले में सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा प्रति वर्ष सैकड़ों की संख्या में पर्यावरण मित्रों को आउटसोर्स के माध्यम से रखा जाता है।
इस वर्ष 10 जुलाई से शुरू हो रहे कांवड़ मेले के लिए भी कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है। सुरेंद्र तेश्वर ने कहा कि संगठन को जानकारी मिली है कि आउटसोर्स पर भर्ती किए जा रहे कर्मचारियों को शासनादेश के विपरीत कम मजदूरी पर भर्ती किया जा रहा है। जबकि शासनादेश के अनुसार कर्मचारियों को 500 रूपए प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी दी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री के भी संबंध में स्पष्ट आदेश हैं कि कर्मचारियों को पांच सौ रूपए प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी का भुगतान किया जाए।
लेकिन कर्मचारियों की भर्ती कर रही आउटसोर्स कंपनी और ठेकेदार शासनादेश का उल्लंघन कर रहे हैं। सुरेंद्र तेश्वर ने कहा कि नगर निगम प्रशासन को इसका संज्ञान लेकर सफाई मजदूरों को शासनादेश के मुताबिक मजूदरी का भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए।


