हरिद्वार, 15 मई। अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ के बैनर तले स्टेट बैंक कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर भेल सेक्टर-5 स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारी संघ की और से 25 और 26 मई को होने वाली दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान भी किया। इस अवसर पर संघ के क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र कुमार के नेतृत्व मे विभिन्न शाखाओं के कर्मचारियों ने अपनी 16 सूत्रीय लंबित मांगों को संदेश वाहकों, बैंक गार्ड की नियुक्ति, एनपीएस कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर चुनने का विकल्प, पेंशन विसंगतयो को दूर करने, आउटसोर्सिंग पर रोक, 2019 के बाद नियुक्त कर्मचियों के लिए इंटर सर्किल ट्रांसफर को दोबारा शुरू करना, कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा, क्रॉस सेलिंग प्रक्रिया में गलत तरीके से उत्पाद बेचने (मिस सेलिंग) पर रोक और बोर्ड में कर्मचारी निदेशक की नियुक्ति आदि को लेकर जोरदार नारेबाजी की। क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर आगामी दिनों में सोशल मीडिया पर अभियान चलाने के साथ कैंडल मार्च आदि निकाले जांएगे तथा 25 और 26 मई को पूर्ण हड़ताल की जाएगी। प्रदर्शन में क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र कुमार, संगठन सचिव रीना कटियार, अभिषेक वालिया, मीनू सैनी, प्रतिमा कुमारी, नीता सिंह, नीता गौतम, कविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


