हरिद्वार, 18 अगस्त। मृत व्यक्ति को जिंदा बताकर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा करते हुए कनखल कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 14 अगस्त को कविनगर गाजियाबाद निवासी शशांक त्यागी पुत्र विरेन्द्र ने कनखल कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी आशुतोष विहार जगजीतपुर कनखल पर साथियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर मृत व्यक्ति विनोद कुमार का प्रतिरूपण कर तथा उसे जीवित बताकर भूमि से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और दस्तावेजों को असली के रूप में प्रयोग कर धोखाधड़ी करते हुए जमीन हड़पने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद एसएसपी के आदेश पर गठित पुलिस टीम ने जांच पड़ताल करते हुए मुकद्मे में नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में एसएसआई अनुज सिंह, एसआई नरेन्द्र सिंह, हेडकांस्टेबल जसबीर चौहान, कांस्टेबल प्रलव चौहान शामिल रहे।


