हरिद्वार को अलविदा समर्पित बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप निगम का देहरादून तबादला, स्टाफ ने नम आंखों से दी विदाई

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 21 जुलाई। वर्षों तक हरिद्वार की जनता, विशेषकर बच्चों की सच्चे मन से सेवा करने वाले वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप निगम का देहरादून तबादला हो गया है। उनकी पत्नी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अल्पना खरे भी अब देहरादून में अपनी सेवाएं देंगी। दोनों चिकित्सक हरिद्वार के महिला अस्पताल में तैनात थे और अपने समर्पण, सहज व्यवहार तथा मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के लिए जाने जाते थे।

डॉ. संदीप निगम की पहचान ऐसे चिकित्सक के रूप में रही, जो ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी अस्पताल में बच्चों के उपचार के लिए उपलब्ध रहते थे। जरूरत पड़ने पर आधी रात में भी मरीजों के फोन उठाकर उनकी सहायता करने के कारण वे लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। जबकि डॉ. अल्पना खरे का व्यवहार भी मरीजों के प्रति बेहद विनम्र और सकारात्मक रहा। मंगलवार को महिला अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने डॉ. संदीप निगम को भावभीनी विदाई दी।

इस दौरान कई कर्मचारी भावुक नजर आए। समाजसेवी जेपी बडोनी ने कहा कि डॉ. संदीप निगम ने हरिद्वार की सच्चे मन से सेवा की है और ऐसे समर्पित चिकित्सक बहुत कम मिलते हैं। समाजसेवी रत्नमणि डोभाल ने कहा कि डॉ. निगम हर समय मरीजों के लिए उपलब्ध रहते थे और उनकी कार्यशैली प्रेरणादायक रही। जानकारी के अनुसार, डॉ. संदीप निगम ने अपनी छोटी बेटी के स्वास्थ्य को देखते हुए शासन से अनुरोध किया था कि या तो उनका तबादला न किया जाए अथवा पति-पत्नी की पोस्टिंग एक ही स्थान पर की जाए, ताकि परिवार और बेटी की देखभाल सुचारु रूप से हो सके। हालांकि उनकी इस मांग पर विचार नहीं किया गया। बाद में डॉ. अल्पना खरे की तैनाती देहरादून के सैया क्षेत्र में तथा डॉ. संदीप निगम की पोस्टिंग प्रेमनगर उपजिला चिकित्सालय में की गई।

विदाई के अवसर पर डॉ. संदीप निगम ने कहा कि हरिद्वार के लोगों की सेवा करना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यहां के लोग बेहद सकारात्मक और सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि तबादला सरकारी सेवा का हिस्सा है और वे देहरादून में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

Leave a Reply