मुख्य विकास अधिकारी ने जारी किए सभी कार्यालय अध्यक्षों को निर्देश
हरिद्वार, 4 जून। मुख्य विकास अधिकारी डा.ललित नारायण मिश्र ने जनपद में संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार एवं प्रोत्साहन हेतु सभी शासकीय कार्यालयों, बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों, राज्य के प्रवेश द्वारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर हिन्दी के साथ संस्कृत भाषा में भी नाम पट्टिकाएं एवं सूचना बोर्ड स्थापित किए जाने निर्देश दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों के कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि अपने कार्यालयों तथा अधीनस्थ कार्यालयों की नाम पट्टिकाओं व बोर्डों को तत्काल प्रभाव से हिन्दी के साथ संस्कृत भाषा में भी अंकित कराना सुनिश्चित करें।
संस्कृत अनुवाद में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा अथवा जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारी प्रभारी प्रधानाचार्य जय भारत साधु संस्कृत महाविद्यालय वाणी भूषण भट्ट से संपर्क कर सहयोग प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी कार्यालयों और संस्थानों को संस्कृत में तैयार की गई नाम पट्टिकाओं के छायाचित्र संबंधित अधिकारियों के व्हाट्सएप नंबर पर प्रेषित करने के निर्देश भी दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों का अनुपालन शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।


