कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया भीमगोड़ा बैराज का निरीक्षण

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 18 जुलाई। जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि भीमगौड़ा बैराज के गेट टूटने से किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। बरसात होने के साथ-साथ पानी की निकासी भी लगातार हो रही है। गेट को ठीक करने के लिए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से भी कहा है। उन्होने कहा कि मानसून अवधि में हो रही भारी वर्षा के कारण अभी तक 274 मार्ग बन्द थे जिसमें से 37 मार्ग खोले जा चुके हैं तथा शेष 237 मार्गों को खोलने के लिए 213 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। अधिकत्तर मार्गों को कल तक खोल दिया जायेगा।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को भीमगौड़ा बैराज का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ-साथ रोशनाबाद-बिहारीगढ़ मोटर मार्ग पर आन्नेकी के पास क्षतिग्रस्त सेतु का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
भीमगौड़ा बैराज के स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होने कहा कि भीमगौड़ा बैराज का गेट टूटने से किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। बरसात होने के साथ-साथ पानी की निकासी लगातार हो रही है। सतपाल महाराज ने गेट टूटने बैराज के परिचालन एवं संचालन व गंग नहर में पानी डायवर्ट करने एवं बाढ़ नियंत्रण में भारी कठिनाई को देखते हुए गेट को जल्दी ठीक कराए जाने के लिए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को पत्र भी लिखा है।

उन्होंने रोशनाबाद-बिहारीगढ़ मार्ग पर भारी बारिश से पुल के क्षतिग्रस्त होने पर वैली ब्रिज लगाने के कार्य का भी निरीक्षण किया। सतपाल महाराज ने बताया कि अगले तीन सप्ताह में हल्के वाहन के लिए सेतु को खोल दिया जायेगा। सतपाल महाराज ने रानीपुर मोड़ के आसपास होने वाले जल भराव का भी निरीक्षण किया तथा इसके स्थाई समाधान के संबंध में चर्चा की। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि के कारण मालन नदी पर निर्मित सेतु के पिलर न.9 में झुकाव आने के कारण सेतु का एक पैनल क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात बन्द है।

वैकल्पिक मार्ग के रूप में कर्णाश्रम-मवाकोट-डिग्री कॉलेज होते हुए हल्के वाहन हेतु मार्ग सुचारू है। सेतु के डाउन स्ट्रीम में पूर्व कन्डी मार्ग को भारी वाहन हेतु मालन नदी में हयूम पाईप डालकर मार्ग को तीन सप्ताह के अन्दर यातायात हेतु खोल दिया जायेगा। मालन नदी पर वैली ब्रिज लगाने हेतु कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। निरीक्षण दौरान रानीपुर विधायक आदेश चैहान, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चैधरी, सीडीओ प्रतीक जैन, एसडीएम पूरण सिंह राणा, पीडब्ल्यूडी चीफ अशोक कुमार, सिंचाई विभाग चीफ, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल सहित लव शर्मा, आशु चैधरी, आशुतोष शर्मा, सचिन शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो नं.8-भीमगोड़ा बैराज का निरीक्षण करते कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *