हरिद्वार, 31 अक्टूबर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के शहादत दिवस एवं देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से मायापुर स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए ज़िला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इंदिरा गांधी का जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और देश के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है, उन्होंने कठिन परिस्थितियों में देश का नेतृत्व करते हुए भारत के स्वाभिमान और सामर्थ्य को नई पहचान दी। गरीबों, वंचितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की उनकी सोच आज भी जनसेवा के लिए प्रेरित करती है।
राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिया गया उनका सर्वाेच्च बलिदान देश कभी भुला नहीं सकता। अमन गर्ग ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई व देश के प्रथम गृहमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं देश को दी। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर और पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि इंदिरा गांधी के राजनीतिक जीवन से कांग्रेस कार्यकर्ता को जनता का विश्वास निरंतर सेवा, संवेदनशीलता और संघर्ष कीह प्रेरणा मिलती है।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत को एकता के सूत्र में बांधने में सरदार पटेल की भूमिका ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है। ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि आज समाज में भाईचारे को मजबूत करने, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु राजपूत और पार्षद हिमांशु गुप्ता ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वरिष्ठ नेता मुकुल जोशी और पार्षद सोहित सेठी ने कहा कि इन महान विभूतियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ उनके विचारों को समाज के बीच ले जाना भी आवश्यक है, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जनता की कठिनाइयों के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए तथा सार्वजनिक जीवन में संवाद, सहयोग और सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता अशोक गुप्ता ,लक्ष्मण हाण्डा, ओम मलिक, करन सिंह राणा, शुभम जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।




