अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की
हरिद्वार, 19 अगस्त। वार्ड-1 सप्तऋषि के पार्षद आकाश भाटी ने एचआरडीए उपाध्यक्ष को ज्ञापन देकर भूपतवाला स्थित अमेरिकन आश्रम स्वामी देवानंद ट्रस्ट की बहुमूल्य संपत्ति को लेकर सामने आ रही शिकायतों की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।पार्षद आकाश भाटी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि ट्रस्ट की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जे, बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराने, दुकानों का निर्माण तथा अवैध कॉलोनी प्लॉटिंग जैसी गतिविधियां की जा रही हैं। इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों द्वारा तत्काल स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखों की जांच किया जाना आवश्यक है।
पार्षद आकाश भाटी ने अमेरिकन आश्रम से लगी लगभग 3 बीघा भूमि पर कथित कब्जे और चारदीवारी किए जाने की शिकायत का उल्लेख करते हुए भूमि के स्वामित्व, सीमांकन एवं राजस्व अभिलेखों की जांच की मांग भी है। आकाश भाटी ने कहा कि यदि किसी प्रकार का निर्माण बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विरुद्ध पाया जाता है तो नियमानुसार सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण सहित कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही कथित अवैध कॉलोनी एवं प्लॉटिंग की जांच कर आवश्यकतानुसार निर्माण एवं विक्रय गतिविधियों पर भी रोक लगायी जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच के दौरान अवैध कब्जा, धोखाधड़ी, कूटरचना, अनधिकृत हस्तांतरण अथवा किसी अन्य आपराधिक कृत्य के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जानी चाहिए। आकाश भाटी ने कहा कि यह मामला केवल एक भूमि का विषय नहीं है, बल्कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी संपत्ति की सुरक्षा का विषय है। यदि समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
किसी भी व्यक्ति को नियमों का उल्लंघन कर धार्मिक ट्रस्ट की संपत्ति पर कब्जा करने या अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण में राजस्व विभाग, हरिद्वार विकास प्राधिकरण एवं संबंधित अन्य विभागों के अभिलेखों का मिलान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाए। स्थल का तत्काल निरीक्षण, सीमांकन एवं निर्माणों की वैधता की जांच कराकर धार्मिक ट्रस्ट की संपत्ति को सुरक्षित किया जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन देने वालों में मंडल अध्यक्ष शिवकुमार सैनी, एडवोकेट अंकित कुमार, धर्मशाला प्रबंधक समिति के महामंत्री मनोज बिष्ट सहित कई लोग शामिल रहे।


