तनवीर
खिलाड़ियांे को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार आयोजित की जा रही हैं प्रतियोगिताएं-डा.विशाल गर्ग
हरिद्वार, 8 मार्च। विवेक विहार स्थित कार्यालय पर आयोजित जिला हरिद्वार मुक्केबाजी संघ की बैठक में जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केद्रांे के प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया और इस वर्ष आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं की जानकारी दी गयी। जिला हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डा.विशाल गर्ग ने बताया कि 29 मार्च को सभी आयु वर्ग के बालक बालिकाओं की जिला स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सभी प्रशिक्षण केंद्र के बालक बालिकाओं को अवश्य प्रतिभाग कराया जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मुक्केबाजी के प्रति प्रोत्साहित करना संघ का उद्देश्य है।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने के अधिक अवसर मिल सकें। संरक्षक सुनीता चौधरी ने प्रशिक्षकों को नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी की गाइडलाइन की जानकारी देते हुए कहा कि प्रशिक्षक खिलाड़ियों को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन से स्वास्थ्य पर होने वाले प्रतिकूल प्रभावों से अवगत कराएं। उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि कुछ जिम में बॉक्सिंग या एमएमए के नाम पर खिलाड़ियों को खेल संबंधी गलत जानकारी दी जा रही है और उन्हें प्रतिबंधित दवाएं लेने के लिए उत्साहित किया जाता है।
खेल संघ को जानकारी दिए बिना व्यावसायिक गतिविधियों के अंतर्गत मुक्केबाजी का प्रशिक्षण दे रहे सभी जिम संचालक अपने बॉक्सिंग कोच के संबंध जिला मुक्केबाजी संघ को जानकारी दें। जानकारी नहीं देने वाले जिम संचालकों के खिलाफ जिला अधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा और पुलिस में भी शिकायत दर्ज करायी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के संज्ञान में सिर्फ पांच मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्र संचालित हो रहे हैं। जिनमें गोकुलपुर झबरेड़ा, गुरुकुल नारसन, जीआईसी रुड़की, रोशनाबाद स्टेडियम, दीपगंगा सिडकुल, सुभाष नगर शामिल हैं। बैठक में डा.विशाल गर्ग, सुनीता चौधरी, विपिन चौधरी, डा.प्रदीप कुमार, नवीन चौहान, एसपी सिंह, किशन मेहर, अश्वनी शर्मा, ऋतु सैनी आदि मौजूद रहे।


