तनवीर
हरिद्वार, 21 मार्च। अंर्तराष्ट्रीय योग महोत्सव में योग का आपदा प्रबंधन में महत्व एवं योग तथा आयुर्वेद बढ़ाते हैं रोगों से लड़ने की क्षमता विषय पर ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के डा.नरेश चौधरी के व्याख्यान और महोत्सव के आयोजन में सहभागिता के लिए सरकार की और से उन्हें सम्मानित किया गया। गढ़वाल मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक लक्ष्मीराज चौहान ने डा.नरेश चौधरी को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। योग महोत्सव में देश विदेश से आए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रोफेसर डा.नरेश चौधरी ने कहा कि आपदा प्रबंधन में योग का विशेष महत्व है तथा आयुर्वेद एवं योग आपदाओं से प्रभावित व्यक्तियों को तनाव से तो मुक्त करते ही हैं साथ ही रोगों से लड़ने की क्षमता को भी बढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद एवं योग एक दूसरे के पूरक हैं। आयुर्वेद शरीर को फिर से जीवन्त करता है तथा योग मन की चेतना की शुद्धि करता है। जिससे आपदा के कारण अवसाद से ग्रसित व्यक्ति को तनाव मिक्त मिलती है। डा.नरेश चौधरी ने केदारनाथ आपदा 2013 एवं कोविड़.जैसी वैश्विक महामारी में किये गये कार्यों के अनुभवों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया। गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने भी डा.नरेश चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि डा.चौधरी अपने मूल दायित्वों के साथ सामाजिक सेवाओं में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाते हैं। गढ़वाल मंडल विकास निगम के अपर महाप्रबंधक दीपक रावत एवं गंगा रिसोर्ट के प्रबंधक राजेन्द्र ढौड़ियाल ने भी डा.नरेश चौधरी की प्रशंसा की।


