वेतन भुगतान नहीं होने पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 24 जून। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उपशाखा गुरूकुल के कर्मचारियों एवं संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों ने जल्द वेतन भुगतान नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। मई माह का वेतन नहीं मिलने से गुस्साए कर्मचारियों ने शनिवार को सांकेतिक रूप से प्रदर्शन कर रोष जताया। उपशाखा मंत्री आशुतोष गैरोला व उपाध्यक्ष ताजबर सिंह नेगी ने कहा कि कुलसचिव डा.अनूप गक्खड़ के संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता में आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक ऋषिकुल एवं गुरुकुल आयुर्वेदिक चिकित्सालय, कालेज का वेतन का बजट नही आया है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वेतन को लेकर कर्मचारियों को प्रतिमाह इसी प्रकार परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ऐसे अब कर्मचारियों के सामने आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं है। यदि जल्द से जल्द वेतन भुगतान के संबंध मे ठोस कार्रवाई नहीं की गयी तो कर्मचारी धरना प्रदर्शन व आंदोलन के लिए विवश होंगे। प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेडा एवं विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के उपसचिव छत्रपाल सिंह चैहान ने कहा कि विश्वविद्यालय बनने के बाद से ही कर्मचारियों को आर्थिक, मानसिक रूप से कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को विश्विद्यालय से अलग कर दिया जाए या ऋषिकुल एवं गुरुकुल आयुर्वेदिक चिकित्सालय को विश्विद्यालय से अलग करने पर ही कर्मचारियों की समस्याओं का हल निकल सकता है। कर्मचारियों ने डीडीओ कोड बहाली की मांग इसलिए की थी कि कर्मचारियों के वेतन भत्ते समय से मिल सकें। किन्तु कर्मचारियों की मांग अनसुनी कर दी गई।

संविदा कर्मचारियों को भी वेतन न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बदतर हो गई है। 25 जून तक कर्मचारियों की मांगों का निस्तारण न होने की दशा में 26 जून को ऋषिकुल एवं गुरुकुल के कर्मचारी धरना प्रदर्शन, तालाबंदी एवं आयुर्वेद विश्विद्यालय का घेराव भी करेंगे। जिसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व आयुर्वेद विश्वविद्यालय का होगा। प्रदर्शन करने वालों में आषुतोष गैरोला, ताजबर सिंह नेगी, प्रदीप सिंह नेगी, यशोदा रतूड़ी, अनुभा भट्ट, लोकेंद्र, सतीश चंद, मनीष पंवार, कश्मीरी लाल, योगेश, पप्पू, सहदेव, ममता पाल, राजू कश्यप, विनय चैहान, रोहित कुमार शुशील कुमार आदि कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *