हरिद्वार। हरिद्वार विकास प्राधिकरण ने ज्वालापुर क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार बाबर कालोनी, पावधोई, निकट ईदगाह रोड ज्वालापुर में श्री शौकत अली पुत्र मौ0 यामीन द्वारा लगभग 15′ x 15′ की माप में भूतल पर निर्माण कार्य किया जा रहा था।
इसी क्षेत्र में श्रीमति मुसर्रत पत्नी श्री फारूख अली द्वारा लगभग 40′ x 50′ की माप में भूतल में अवैध निर्माण किया जा रहा था।
बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं रुका निर्माण
प्राधिकरण द्वारा उक्त दोनों अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए थे और निर्माण बंद करने के निर्देश भी दिए गए थे। बावजूद इसके निर्माण कार्य लगातार जारी था।
पुलिस बल के साथ की गई सीलिंग
निर्देशों की अवहेलना करने पर प्राधिकरण टीम ने शुक्रवार को पुलिस बल की उपस्थिति में दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया। मौके पर उपस्थित निर्माणकर्ताओं को बिना स्वीकृति के आगे कोई निर्माण कार्य न करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


