विकास दिवस के रूप में मनाया हरिद्वार विधायक मदन कौशिक का जन्मदिन

Haridwar News
Spread the love

मुख्यमंत्री धामी समेत दिग्गज नेताओं ने दी शुभकामना

हरिद्वार।पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक का जन्मदिन सोमवार को हरिद्वार में पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। भाजपा संगठन और समर्थकों ने इस अवसर को विकास दिवस के रूप में मनाते हुए उनके दीर्घ राजनीतिक योगदान और जनसेवा को सम्मान दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने दूरभाष पर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सक्रिय राजनीतिक जीवन की कामना की।
जन्मदिन समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर खुशी का इजहार किया और विधायक मदन कौशिक के नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और हरिद्वार के विकास में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
हरिद्वार विधायक मदन कौशिक उत्तराखंड की राजनीति का एक सशक्त, अनुभवी और प्रभावशाली चेहरा माने जाते हैं। वे लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं और संगठन तथा सरकार—दोनों स्तरों पर उनका लंबा और प्रभावी अनुभव रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके नेतृत्व में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक और प्रचंड जीत हासिल हुई, जिसे भाजपा संगठन की बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
उनकी चुनावी रणनीति, संगठनात्मक कौशल और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव को देखते हुए भाजपा का शीर्ष नेतृत्व समय-समय पर उन्हें अन्य राज्यों में विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों के प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपता रहा है। संगठन के भीतर उनकी पहचान एक कुशल रणनीतिकार, मार्गदर्शक और जमीनी नेता के रूप में स्थापित है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने अपने राजनीतिक गुरु मदन कौशिक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जन्मदिन विकास दिवस के रूप में मनाया ग
या है।

उन्होंने कहा कि मदन कौशिक लगातार ढाई दशकों से हरिद्वार की राजनीति में एक अनथक पथिक और सक्रिय योद्धा के रूप में कार्य कर रहे हैं। हरिद्वार की जनता ने उन्हें लगातार बढ़ते जनमत और विश्वास के साथ अपना आशीर्वाद दिया है और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी वे बड़े अंतर से विजय प्राप्त करेंगे, ऐसा उन्हें पूरा विश्वास है।श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने विधायक मदन कौशिक को जन्म दिवस की बधाई देते हुए उन्हें फरसा भेंट कर उज्जवल भविष्य की कामना की

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मुनव्वर कुरैशी ने उन्हें बुके भेंट कर बधाई देते हुए कहा कि हरिद्वार की राजनीति में विधायक मदन कौशिक का बड़ा नाम है। उन्होंने धर्म नगरी के विकास में निर्णायक भूमिका निभाई है। राजनीति से ऊपर उठकर सभी वर्गों के विकास में योगदान दिया है।
विधायक मदन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार की जनता ने उन्हें जो स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद दिया है, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में महापौर किरण जैसल, वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष चंद्र, भाजपा जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष तुषांक भट्ट, राजेंद्र कटारिया, किशन बजाज, प्रशांत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष तरुण नायर, जिला मंत्री पारुल चौहान, विनीत जोली सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।