जूना अखाड़े के संतों ने अयोध्या में मंदिरों में चलाया सफाई अभियान

Haridwar News
Spread the love

श्रवण झा


हरिद्वार, 15 जनवरी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी के मंदिरों में सफाई अभियान चलाने के आहवान पर जूना अखाड़े के संतों ने अयोध्या के सभी मंदिरों में सफाई अभियान शुरू किया है। सफाई अभियान जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज, अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के नेतृत्व में नागेश्वर मंदिर से शुरू करते हुए संतो ने श्रीराम पैड़ी के साथ सभी घाटों व गलियों में भी सफाई अभियान चलाया।

श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि सभी के रोम-रोम में बसने वाले भगवान राम 22 जनवरी को भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। उनके स्वागत के लिए कण-कण को रामनाम से चमकाना है और राममय बनाना है। श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज ने कहा कि 500 वर्ष के बाद आ रहे भगवान राम स्वागत इस प्रकार करना है कि सदियों तक उसे याद रखा जाए। श्री दूधेश्वर पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाडा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हिंदू यूनाइटिड फ्रंट के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि शबरी रोजाना भगवान राम के स्वागत के लिए मार्ग की सफाई करती थी।

आज जब 500 वर्ष के बाद रामलला भव्य राम मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं तो हर भक्त शबरी बनकर उनका स्वागत करने के लिए तैयार है। भगवान राम के स्वागत के लिए सफाई करके वही अहसास हो रहा है, जो अहसास शबरी को भगवान राम के आगमन पर हुआ था। हम सभी बहुत ही भाग्यशाली है कि भगवान राम ने हमें अपना स्वागत करने का अवसर प्रदान किया है।

सफाई अभियान में महामंडलेश्वर विरेंद्रानंद गिरि, महामंडलेवर पवित्रानंद गिरि, महामंडलेश्वर महेंद्रानंद गिरि, श्रीमहंत मनोहर गिरि, मेयर गिरीश त्रिपाठी, पार्षद पवन शुक्ला, महंत धर्मदास गिरि, महंत आशुतोष गिरि, सचिव शैलेंद्र गिरि, महेश पुरी, निर्वाण मंत्री शैलजा गिरि, महंत अवधेश गिरि, महंत शनि भारती, महंत दिनेश गिरि, अंशुमान डोगरा, संजय, अजय आदि भक्तों सहित बड़ी संख्या में अखाड़े के संत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *