हरिद्वार, 9 अगस्त। कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए रोजाना लाखों कावड़िए हरिद्वार आ रहे हैं। कई कांवड़िएं दूसरों का ध्यान अपनी और खींचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। बाइक पर सैकड़ों की तादाद में हॉर्न लगाकर हरिद्वार पहुंचे एक कांवड़ियों की बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला अमन बाइक पर सैकड़ों हॉर्न लगाकर हरिद्वार पहुंच गया।
शंकराचार्य चौक पर तैनात पुलिस ने उसे रोक लिया और और मोडिफाइड किये जाने के चलते बाइक को सीज कर दिया। सीज की गयी बाइक को कनखल थाने लेकर जा रहे पुलिसकर्मी का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कनखल थाने के एसएसआई अनुज कुमार ने बताया कि बाइक को मोडिफाइड कर हॉर्न लगाए जाने के कारण बाइक को सीज किया गया है।


