गौरव रसिक
हरिद्वार, 21 सितम्बर। भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह ने कृषि बिल पर कांग्रेस व कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस जो पहले खुद कृषि बिल के समर्थन में थी। अब उसका विरोध कर अपने ही जाल में फंस गई है। जब कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत के पास कहने को तो कुछ नहीं रहा तो उन्होंने मौन धरना कर लिया।
भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा सांसद में लाए गए बिल ऐतिहासिक हैं और इससे किसानों को बहुत फायदा मिलेगा। इससे उनकी आमदनी व उत्पादन दोनों में वृद्धि होगी। साथ ही वे न्यूनतम समर्थन मूल्य और बिचैलियों के मकड़ जाल से भी मुक्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा है कि इसका लाभ उत्तराखंड के किसानों को भी मिलेगा। प्रदेश में कृषि के विकास में भी नई व्यवस्था फायदेमंद होगी। संजय सिंह ने कहा है कि इन बिलों का विरोध कर कांग्रेस के दोहरे चरित्र व धोखा देने की आदत का फिर खुलासा हुआ है।
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में सरकार में आने पर यह बिल लाने का वायदा किया था। लेकिन अब जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कि सरकार यह बिल लाई है तो कांग्रेस इनका विरोध कर रही है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के खाने के और दिखाने के दांत हमेशा अलग-अलग रहे हैं। कांग्रेस कभी भी जनता से किए वायदे पूरे नहीं करती।
संजय सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत के मोन पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि जब बोलने को कुछ नहीं रहता तो मौन रहना मजबूरी बन जाती है। श्री रावत ने मौन रहकर बोलने से भी बचने वह उसकी खबर भी बन जाने की सोच के साथ मौन का नाटक किया। यह बात अलग है कि उनकी पार्टी के कई नेता मौन के समय मोबाइल फोन पर बात करते हुए कैमरे में कैद हो जाते हैं यह भी कांग्रेस का दोहरा चरित्र दिखता है।