बिना अनुमति रक्त एकत्र कर दूसरे राज्यों में बेचते थे
पांच आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार, 17 अगस्त। अवैध ब्लड डोनेशन कैंप का खुलासा करते हुए लकसर कोतवाली पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, रक्तदान में प्रयुक्त होने वाले उपकरण एवं दो वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी गांव देहात के भोले भाले लोगों के बीच रक्तदान शिविर लगाकर एकत्र किए गए रक्त को अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज किया गया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि लकसर कोतवाली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्तियों द्वारा संगठित रूप से गांव-देहात क्षेत्र में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से एकत्र रक्त को ब्लड बैंक ना ले जाकर अन्य राज्यों में अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
सूचना पर सुल्तानपुर चौकी प्रभारी एसआई बीरेंद्र सिंह नेगी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में तलाश शुरू की और भिक्कमपुर चौकी प्रभारी एसआई यशवीर सिंह नेगी को भी जानकारी से अवगत कराया। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों में सवार पांच लोगों को हिरासत में लेकर जांच की तो स्विफ्ट कार की डिग्गी से आइस बॉक्स के अंदर 27 यूनिट रक्त एवं 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए।
इसके अलावाब्लड यूनिट की जांच, माप एवं रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए। दूसरे वाहन स्कॉर्पियो एन कार की तलाशी लेने पर 4 डोनर चेयर, डोनर फार्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाण पत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली 4 बेल्ट बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांव देहात में बिना अनुमति व लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन कर रहे थे। एसएसपी ने बताया कि इस संबंध में कोतवाली लक्सर पर धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं 316(1) बीएनएस के अंतर्गत मुकद्मा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की विस्तार से जांच की जा रही है।
गिरफ्तार गए आरोपियों अनित सैनी, पुत्र राजेश कुमार, निवासी फतवा लक्सर, शुभम कुमार पुत्र जीतराम, निवासी ग्राम माड़ा बेला पोस्ट चन्दपुरी कला थाना खानपुर, दुष्यन्त कुमार पुत्र मदनलाल सैनी निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी आवास विकास थाना कोतवाली सदर, बिजनौर उत्तर प्रदेश, कावेन्द्र कुमार, पुत्र विजयपाल सिंह निवासी निकट सद्भावना अस्पताल हरतला थाना सिविल लाइन मुरादाबाद उत्तर प्रदेश व दया सिंह, पुत्र ओमकार सिंह निवासी ग्राम ईसमपुर ढाणा थाना गीनौर जनपद सम्भल उत्तर प्रदेश के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, एसआई बीरेंद्र सिंह नेगी, एसआई यशवीर सिंह नेगी, कांस्टेबल किशोर नेगी, जगत सिंह, राजेन्द्र बिष्ट, अरविन्द चौहान, ध्वजवीर सिंह, दिगम्बर सिंह शामिल रहे।


