तनवीर
हरिद्वार, 4 अगस्त। नगर निगम की मेयर किरण जैसल ने सोमवार को टैक्स अनुभाग के अधिकारियों एवं लिपिक वर्ग के साथ एक आवश्यक बैठक की। मेयर कार्यालय पर आयोजित बैठक में मेयर ने नगर निगम क्षेत्र में आने वाले आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों से टैक्स वसूली की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।
मेयर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम के खाते में जितना अधिक राजस्व एकत्र होगा, उतनी ही तेजी से शहर के विकास कार्यों को गति मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बकाया टैक्स की वसूली में लापरवाही न बरती जाए और नियमित रूप से समीक्षा की जाए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आने वाली नई कालोनियों को टैक्स के दायरे में लाने के लिए अधिकारी रूपरेखा तय करें। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव,श्याम सुंदर प्रसाद, कर निर्धारण अधिकारी सुनीता सक्सेना सहित टैक्स अनुभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


