मेयर किरण जैसल ने किया नवनियुक्त सफाई हवलदारों और सुपरवाइजरों का स्वागत

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 3 सितम्बर। मेयर किरण जैसल ने नव नियुक्त सफाई हवलदारों एवं सुपरवाइजरों का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं दीं। मेयर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के तहत सफाई व्यवस्था की निगरानी को वार्ड स्तर तक मजबूत करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में एक सफाई हवलदार के पास 3 से 4 वार्डों की जिम्मेदारी होने के कारण सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही थी। नई व्यवस्था के तहत 33 सफाई हवलदारों की नियुक्ति की गयी है। जल्द ही प्रत्येक वार्ड में एक सफाई हवलदार की तैनाती की जाएगी। जिससे वार्ड की सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

मेयर किरण जैसल ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में हवलदार की मौजूदगी से सफाई व्यवस्था की जवाबदेही भी तय होगी। समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों तक सूचना पहुंचाने और समाधान में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार नगर निगम में पहली बार एक महिला को भी सुपरवाइजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मेयर किरण जैसल ने महिला सुपरवाइजर ममता का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कहा कि महिलाओं को जिम्मेदारी के महत्वपूर्ण पदों पर अवसर मिलना महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक कदम है। इस अवसर पर पार्षद दीपक शर्मा, सचिन कुमार, सुनील कुमार पांडेय, कर्मचारी नेता सुरेंद्र तेश्वर, सुनील राजौर, लक्ष्मीचंद, मनमोहन, गगन, नीरज आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply