हरिद्वार, 3 सितम्बर। वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर के पार्षद अहसान अंसारी ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर क्षेत्र में करीब एक माह से बंद पड़े आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्र को पुनः संचालित कराने की मांग की। उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र सौंपकर जनहित में तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया। पार्षद अहसान अंसारी ने बताया कि वार्ड में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र की बड़ी आबादी को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा था।
खासतौर पर गरीब, आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए यह केंद्र काफी महत्वपूर्ण था। यहां लोगों को प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती थीं। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग एक माह से स्वास्थ्य केंद्र अचानक बंद होने के कारण स्थानीय लोगों को इलाज और जरूरी दवाइयों के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
इससे सबसे अधिक परेशानी गरीब परिवारों को उठानी पड़ रही है। कई जरूरतमंद लोग निःशुल्क दवाइयों की सुविधा से वंचित हो रहे हैं। जनहित को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र को शीघ्र पुनः संचालित किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को उनके नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


