हरिद्वार, 18 जुलाई। संभागीय परिवहन कार्यालय में ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट की सुविधा शुरू की गयी है। कार्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड युक्त स्टैंड लगाए गए हैं। जिन्हें स्कैन कर अपने मोबाइल पर चैटबॉट के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि चैटबॉट के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, टैक्स, परमिट, फिटनेस, ग्रीन कार्ड सहित परिवहन विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सहज रूप से उपलब्ध होंगी।
इससे लोगों को बार-बार काउंटर पर पूछताछ करने की आवश्यकता कम होगी तथा कार्यालय में पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त कार्यालय में लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम भी संचालित किया जा रहा है। जिसके माध्यम से आवेदक अपने टोकन की वर्तमान स्थिति एवं संबंधित काउंटर की जानकारी डिजिटल स्क्रीन पर देख सकते हैं।
इससे वेटिंग सिस्टम अधिक व्यवस्थित एवं सुगम हुआ है। उन्होंने लोगों से कार्यालय आने पर क्यूआर कोड स्कैन कर चैटबॉट का उपयोग करने तथा उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।


